
जबलपुर। शहर में मौसम ने अचानक करवट बदली है, जहाँ सुबह से ही धूप खिली रही तो वही दिन में आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया है और ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस खुशनुमा बदलाव से पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बड़ी राहत मिली है। तेज हवाओं के कारण शहर के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश एवं आसपास स्थित ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण अब पूर्वी मध्य प्रदेश एवं उससे लगे छत्तीसगढ़ पर स्थित है तथा औसत समुद्र तल से 1.5 किमी तक विस्तारित है। उपरोक्त पूर्वी मध्य प्रदेश एवं उससे लगे छत्तीसगढ़ के चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर-पूर्व तमिलनाडु तक एक ट्रफ विदर्भ, तेलंगाना एवं रायलसीमा होते हुए औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊँचाई पर बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है तथा अब औसत समुद्र तल से 3.1 से 9.4 किमी के बीच स्थित है। 24 घंटे में बारिश हो सकती है।
