शुरुआती बढ़त जरूरी होती है: शार्दुल ठाकुर

मुंबई, 02 जून (वार्ता) ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने मुंबई टी20 लीग 2026 के पहले ही मैच में टीम को मिली शानदार जीत पर संतोष जताते हुए कहा कि छोटे प्रारूप के टूर्नामेंट में शुरुआती बढ़त हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण होता है।

ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने वानखेड़े स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की और अपने पहले ही मैच में बांद्रा ब्लास्टर्स को नौ विकेट से हराया। इस जीत में शाश्वत जगताप के नाबाद शतक और सुमेर जावेरी के साथ उनकी तूफानी ओपनिंग साझेदारी ने अहम भूमिका निभाई।

मैच के बाद टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए शार्दुल ठाकुर ने युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा और निडर रवैये की जमकर सराहना करते हुए कहा, “हमारी टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, जो नई ऊर्जा लेकर आए हैं। हमने देखा कि उनके पास कितना शानदार टैलेंट है। यह टूर्नामेंट का पहला मैच था और उन्होंने जिस तरह प्रदर्शन किया, वह देखने लायक था, इनके साथ मुझे भी नई ऊर्जा महसूस हो रही है।”

85 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके शार्दुल ठाकुर ने आगे कहा, “टीम प्रबंधन युवाओं को खुलकर खेलने और खुद को अभिव्यक्त करने की पूरी आजादी दे रहा है। मैं टीम मीटिंग्स में खिलाड़ियों से पहले ही बात कर चुका हूं। मेरी तरफ से उन्हें पूरी स्वतंत्रता है कि वे मैदान पर जाकर अपना स्वाभाविक खेल खेलें। मैं चाहता हूं कि जब भी वे मैदान पर उतरें, हमेशा टीम के बारे में सोचें और अपना सर्वश्रेष्ठ दें।”

शार्दुल ने यह भी कहा, “कम समय वाले टूर्नामेंट में हर मुकाबले का महत्व अधिक होता है, इसलिए मजबूत शुरुआत करना बेहद जरूरी था। मुझे पता है कि यह छोटा टूर्नामेंट है और मैचों के बीच ज्यादा समय नहीं मिलेगा। ऐसे में शुरुआती लय हासिल करना जरूरी था और हमने वह हासिल कर ली। आज हमने जो अच्छा या बुरा किया, वह अब अतीत की बात है। हमारा पूरा ध्यान अगले मैच पर है।”

पहले मुकाबले में जीत के बाद बाद अब ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की नजरें 3 जून को होने वाले अगले मैच पर हैं, जहां टीम आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

 

Next Post

दमोह देहात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.90 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

Tue Jun 2 , 2026
दमोह । पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में दमोह देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने 119.95 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत 11,90,000 रुपये है.अतिरिक्त पुलिस […]

You May Like