ब्रिटिश विदेश मंत्री यवेट कूपर का चीन और भारत दौरा कल से

लंदन, 31 मई (वार्ता) ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर सोमवार से चीन की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगी, जिसके बाद वह भारत का दौरा करेंगी। इस दो-देशीय दौरे का मुख्य उद्देश्य हॉर्मुज जलडमरूमध्य, रूस-यूक्रेन युद्ध और अफ्रीका में इबोला के प्रकोप जैसे गंभीर वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक सहयोग के मुद्दों पर चर्चा करना है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस यात्रा की पुष्टि की है। मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, “चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर, ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर एक से तीन जून तक चीन का दौरा करेंगी”। इस यात्रा के दौरान सुश्री कूपर अपने चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और 11 वे चीन-ब्रिटेन रणनीतिक संवाद में भी भाग लेंगी।

चीन का दौरा संपन्न करने के बाद, सुश्री कूपर भारत के लिए रवाना होंगी। ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय के अनुसार, भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा, सुश्री कूपर के व्यापारिक नेताओं, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं के साथ भी कई कार्यक्रम तय हैं।

ब्रिटिश विदेश मंत्री का यह भारत दौरा ‘यूके-इंडिया मुक्त व्यापार समझौते’ पर हस्ताक्षर होने और “यूके-इंडिया विजन 2035” की शुरुआत के लगभग एक साल बाद हो रहा है। इस विजन का उद्देश्य भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत और गहरा करना है।

 

 

 

Next Post

ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम एवं मणिपुर में एसआईआर शुरू

Sun May 31 , 2026
नयी दिल्ली, 31 मई (वार्ता) चुनाव आयोग ने ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तीसरे चरण के तहत गणना चरण शुरू कर दिया है। आयोग की रविवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि इन चार राज्यों में यह अभियान 30 […]

You May Like