नई उम्मीद अभियान के तहत 32 युवाओं ने छोड़ा नशा

इंदौर: नशा मुक्त समाज की दिशा में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नई उम्मीद अभियान के तहत 32 युवाओं ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया. जोन 3 पुलिस द्वारा आयोजित इस काउंसलिंग सत्र में नशे की गिरफ्त में आए बालक व युवाओं ने भाग लेकर सामान्य जीवन की ओर लौटने की इच्छा जताई.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत 21वें सत्र का आयोजन किया. कार्यक्रम अति पुलिस उपायुक्त जोन-3 रामसनेही मिश्रा के मार्गदर्शन में हुआ. इसमें सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर रुबीना मिजवानी, थाना प्रभारी हीरानगर सुशील पटेल तथा काउंसलिंग समिति के सदस्य डॉ. पीयूष द्विवेदी सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे. सत्र में पुलिस अधिकारियों ने युवाओं और उनके परिजनों से सीधा संवाद कर नशे के दुष्परिणामों के बारे में समझाया. कई युवाओं ने स्वीकार किया कि वे नशे की लत में थे, लेकिन पुलिस की इस पहल से उन्हें नई दिशा मिली है और वे अब नशे से दूर रहना चाहते हैं.
बाक्स….
पढ़ाई में रुचि रखने वाले बच्चों को शैक्षणिक सामग्री भी की वितरित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति रुचि दिखाने वाले बच्चों को शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई. पुलिस द्वारा नियमित काउंसलिंग के जरिए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा रहा है. काउंसलिंग में यह सामने आया कि नशे की प्रवृत्ति के पीछे पारिवारिक माहौल, आर्थिक कमजोरी, गलत संगति और आसपास का नकारात्मक वातावरण प्रमुख कारण हैं. इन कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा नशे से बाहर आने के इच्छुक युवाओं के लिए मनोरोग विशेषज्ञों के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से निकालना है उद्देश्य
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नई उम्मीद अभियान का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से निकालकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर को नशा मुक्त बनाया जा सके. वहीं अति पुलिस उपायुक्त जोन-3 रामसनेही मिश्रा ने बताया कि लगातार काउंसलिंग और परिवार की भागीदारी से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं और आने वाले समय में और अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा

Next Post

पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, मंदिर सहित दो बड़ी चोरियों का खुलासा

Sun May 31 , 2026
इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर दो बड़ी चोरियों का खुलासा किया है. आरोपी के कब्जे से 28 हजार 620 रुपए नकद सहित करीब 3 लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. आरोपी ने आइस डिपो और सिंहासा स्थित राम मंदिर […]

You May Like