रीवा: जवा-त्यौंथर क्षेत्र में भारी तबाही, मकानों पर गिरे पेड़, कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त रीवा जिले में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने यूपी-एमपी सीमा से लगे जवा और त्यौंथर क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी।तेज हवाओं के चलते 90 से अधिक विद्युत पोल टूट गए, जबकि कई ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए।
तूफान के कारण क्षेत्र के 45 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों और मकानों पर गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवाओं से कई घरों के टीन शेड उड़ गए और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।जवा तहसील अंतर्गत रिमारी गांव में सर्वेश सिंह चंदन के घर पर आंगन में लगा आम का विशाल पेड़ गिर गया, जिससे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पनवार थाना में दर्ज कराई है।
सुबह से क्षेत्र में बिजली विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन व्यापक नुकसान के चलते विद्युत व्यवस्था बहाल होने में अभी समय लग सकता है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
