नयी दिल्ली, 29 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश के नये नेतृत्व को गांव, गरीब, मजदूर, पिछड़े और देहात विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया है। डॉ. नरेश ने केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष बनाये जाने पर शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा लगातार यह साबित कर रही है कि उसका दिल्ली के गांव, गरीब, मजदूर, पिछड़े और देहात से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और महापौर प्रवेश वाही जैसे चेहरे इस बात का प्रमाण हैं कि भाजपा केवल चुनिंदा उच्च वर्गीय लोगों की पार्टी बनकर रह गयी है।
उन्होंने कहा, ” वैसे तो हमारा भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन भाजपा की मानसिकता को जनता के सामने लाना भी जरूरी है। दिल्ली की जनता को यह समझना होगा कि भाजपा वोट किससे लेती है और सत्ता किसे सौंपती है। भाजपा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि गरीब, गांव, किसान, मजदूर और दिल्ली देहात उसके एजेंडे में कहीं नहीं हैं।” कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कि 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई भाजपा से जनता को उम्मीद थी कि गांव, किसान, मजदूर, झुग्गीवासियों और गरीब वर्ग की समस्याओं पर ध्यान देगी, लेकिन भाजपा ने अपने फैसलों से यह स्पष्ट कर दिया है कि उसकी प्राथमिकता केवल सत्ता और विशेष वर्ग की राजनीति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से ही भाजपा को गांव और गरीब विरोधी पार्टी कहती रही है और अब भाजपा द्वारा दिल्ली में बनाये गये ‘हुक्मरानों’ ने इस बात पर पूरी तरह मुहर लगा दी है। दिल्ली देहात की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, पानी की समस्या, बेरोजगारी, टूटी सड़कें और गरीबों की अनदेखी भाजपा की असली सोच को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भाजपा के इस असली चेहरे को समझ चुकी है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।

