सतना: जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार सुबह सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर चौरहा गांव के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठे वृद्ध को टक्कर मार दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चौरहा निवासी रामबदन यादव (62) पुत्र चुनवाद यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि रामबदन यादव सुबह करीब 6 बजे गांव के बाहर सड़क किनारे शौच के लिए बैठे थे। इसी दौरान चित्रकूट की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत डॉयल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रामबदन को मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रामबदन यादव की मौत हो गई। इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) उनकी मौत का कारण बना। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
