नयी दिल्ली 28 मई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मु ने बकरीद को समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स में एक पोस्ट में लिखा, “ईद-उल-जुहा के अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में रहने वाले भारतीयों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
यह त्योहार समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह पर्व हमें मानवता की, विशेषकर वंचित वर्गों, की सेवा करने की प्रेरणा देता है। आइए, इस अवसर पर हम समाज में प्रेम और समरसता का संचार करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता से आगे बढ़ें।” उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश मे लिखा, “पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन अवसर सभी के जीवन में शांति, खुशहाली और सद्भाव लेकर आए। ईद मुबारक।” प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स में पोस्ट में लिखा, “ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं। कामना है कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे। सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।” इससे पहले, देश के कई अन्य नेताओं ने भी एक्स पोस्ट के जरिए देशवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं दी।

