गिल ने स्वीकारा कि जीटी की ग्राउंड फ़ील्डिंग उम्मीदों के अनुरूप नहीं थी

धर्मशाला, 27 मई (वार्ता) आईपीएल 2026 के क्वालिफ़ायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों 92 रनों की करारी हार झेलने के बाद गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि “ग्राउंड फ़ील्डिंग उम्मीदों के अनुरूप नहीं थी।” पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला करने के बाद जीटी ने तीन चांस ड्रॉप किए और एक रन आउट का मौक़ा भी गंवाया। सबसे अहम मौक़ा कगिसो रबाडा ने 14वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के सामने बल्लेबाज़ी कर रहे रजत पाटीदार का गंवाया, उस समय पाटीदार 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर ही खेल रहे थे।

14 ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर तीन विकेट के नुक़सान पर 140 रन था जो कि धर्मशाला की हाई स्कोरिंग पिच को देखते हुए एक पार स्कोर था। इसके बाद पाटीदार ने आक्रमण शुरू किया और अंतिम छह ओवर में आरसीबी ने 114 रन बटोर लिए। पाटीदार ने 33 गेंदों पर नाबाद 93 रनों की पारी खेली।

गिल ने मैच के बाद कहा, “मुझे लगता है कि हम 12वें, 13वें ओवर तक हम अच्छी तरह आगे बढ़ रहे थे और मुझे नहीं लगता कि फ़ील्डिंग उतनी अच्छी थी। हमने कुछ कैच छोड़े और फिर ग्राउंड फ़ील्डिंग भी उम्मीदों के अनुरूप नहीं थी।”

जीटी की आधी टीम भी पावरप्ले में ही पवेलियन लौट गई थी और 51 के स्कोर पर उनके पांच विकेट गिर चुके थे। एक समय तो वह 88 पर आठ थे लेकिन राहुल तेवतिया के अर्धशतक की बदौलत वह 162 तक पहुंचने में सफल रहे। अंतिम ओवर में उनकी पारी सिमट गई।

गिल ने कहा, “दबाव भरी परिस्थितियों में हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। अगर आप इस ग्राउंड में पावरप्ले में अच्छा स्कोर करते हैं तो हमें पता है कि यहां गेंद ट्रैवल करती है और यहां की आउटफ़ील्ड भी काफ़ी तेज़ है। जिस तरह से विकेट खेल रही थी, वैसी परिस्थिति में अगर एक अच्छा पावरप्ले जाता तो इस तरह के मैदान और परिस्थितियों में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता था।”

जीटी के पास फ़ाइनल में जगह बनाने का एक और मौक़ा 29 मई को क्वालीफ़ायर 2 में होगा जब वह न्यू चंडीगढ़ में सनराइज़र्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुक़ाबले के विजेता से भिड़ेंगे।

Next Post

पर्पल कैप की रेस में अभी भी रबाडा से आगे हैं भुवनेश्वर

Wed May 27 , 2026
धर्मशाला, 27 मई (वार्ता) क्वालिफ़ायर-1 एकतरफ़ा मुक़ाबला रहा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 92 रन से रौंदकर आईपीएल 2026 के फ़ाइनल का टिकट हासिल कर लिया। लेकिन मुक़ाबले के भीतर चल रही लड़ाइयों, ख़ासकर ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ में काफी रोमांच देखने […]

You May Like