गुना में डिजनीलैण्ड मेला की धूम: अब रात 10 बजे तक सपरिवार उठा सकेंगे रोमांचक झूलों और खरीदारी का आनंद

गुना:शहर के प्रताप छात्रावास मैदान में सजे बहुप्रतीक्षित ‘डिजनीलैण्ड मेला एवं प्रदर्शनी’ में शहरवासी अब रात 10 बजे तक सपरिवार मनोरंजन और आकर्षक झूलों का आनंद ले सकेंगे। चिलचिलाती गर्मी के बाद शाम होते ही बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और सैर-सपाटे के लिए यहाँ पहुँच रहे हैं। पहले ही दिन से उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए समय का यह प्रबंधन किया गया है, ताकि लोग समय रहते सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मेले का पूरा लुत्फ उठा सकें। मेले का भव्य और आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार इस समय हर किसी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मेला परिसर सजते ही यहाँ लगे आधुनिक और रोमांचक झूलों पर बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। आसमान को छूते ‘हवाई झूले’ और युवाओं के पसंदीदा ‘ब्रेक डांस झूले’ पर बैठने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। इसके साथ ही पानी की लहरों का अहसास कराने वाली ‘मयूरी बोट’ और ‘ड्रैगन झूला’ भी लोगों को खूब रोमांचित कर रहा है। छोटे बच्चों के लिए लगाया गया ‘मिक्की माउस’ और ढेर सारे इलेक्ट्रॉनिक्स खिलौनों के स्टॉल बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं, जहां बच्चे जमकर मस्ती कर रहे हैं।
खरीदारी के लिए सजे खूबसूरत स्टॉल्स
मनोरंजन के साथ-साथ मेले में लगी विकास प्रदर्शनी और बाजार में भी ग्राहकों की भारी चहल-पहल है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए यहाँ बेहतरीन कलेक्शन मौजूद है, जिसमें फिरोजाबाद की विश्वप्रसिद्ध कांच की चूड़ियाँ और सुंदर ज्वेलरी, आकर्षक कटलरी और कलात्मक हैंडलूम के स्टॉल्स शामिल हैं।
लजीज व्यंजनों का स्वाद
स्वाद के शौकीनों के लिए लगे फूड स्टॉल्स पर भी पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है। लोग सपरिवार यहाँ पहुँचकर ग्वालियर की मशहूर ‘सॉफ्टी’, मुंबई (बॉम्बे) की तीखी-चटपटी ‘भेलपूरी’ और विभिन्न प्रकार के ठंडे पेय पदार्थों (कोल्ड ड्रिंक्स) का आनंद उठा रहे हैं।

Next Post

50 हजार की रिश्वत लेते सहायक प्राध्यापक रंगे हाथ पकड़ा

Wed May 27 , 2026
इंदौर: लोकायुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले के मंडलेश्वर स्थित शासकीय महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी आवेदक की पत्नी की पोस्टिंग नजदीक करवाने के नाम पर 4 लाख रुपए मांग रहा था […]

You May Like

Play sound