जल संरक्षण में योगदान भावी पीढ़ी का जीवन बचाने का प्रयास है: कमिश्नर

रीवा: कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि सभी अधिकारी जल गंगा संवर्धन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. जल संरक्षण में योगदान भावी पीढ़ी के जीवन बचाने का प्रयास है. धरती की कोख में पानी और धरती पर हरियाली रहने पर ही जीवों और पौधों का जीवन सुरक्षित रहेगा. जल का संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी अधिकारी और कर्मचारी सप्ताह में केवल दो घंटे श्रमदान करके जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों में अतुलनीय योगदान दे सकते हैं. अभियान के दौरान शासकीय भवनों में रूफ हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने तथा हैण्डपंपों में रिचार्ज पिट लगाने के कार्य प्राथमिकता से कराएं. जल संरक्षण के सभी प्रयासों की जानकारी अभियान के पोर्टल पर अद्यतन दर्ज कराएं.

कमिश्नर ने कहा कि संयुक्त संचालक शिक्षा स्कूल खुलने से पहले स्कूल भवनों और छात्रावासों की साफ-सफाई तथा आवश्यक होने पर सुधार कार्य कराएं. छात्रावासों में पानी, प्रकाश, साफ-सफाई, भोजन और शौचालय की समुचित व्यवस्था करें. ई आफिस में रीवा संभाग पिछले आठ महीने से प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है. सभी फाइलें और पत्र ई आफिस के माध्यम से ही भेजें. मैहर, मऊगंज और सतना जिले में ई आफिस व्यवस्था संतोषजनक नहीं है. अधीनस्थ अधिकारियों से समस्त कार्य ई आफिस के माध्यम से ही संचालित कराएं.

सीएम हेल्पलाइन में मई माह की रैंकिंग में सभी अधिकारियों ने अच्छे प्रयास किए जिससे सभी जिले ए ग्रेड में थे. सभी विभाग भी संतुष्टिपूर्वक आवेदन पत्र निराकृत करके लगातार ए ग्रेड में रहें. राजस्व, गृह, खाद्य, श्रम, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य तथा पीएचई विभाग के अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें. बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, एसडीओ वन हितेश खण्डेलवाल तथा अन्य संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

रीवा शहर में जलसंकट गहराया, वार्डो में टैंकर से पानी की सप्लाई

Wed May 27 , 2026
रीवा: भीषण गर्मी के साथ नगर निगम क्षेत्र में जल संकट गहराने लगा है. शहर के कई मोहल्लो में पानी की समस्या को देखते हुए टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है. पिछले कई दिनो से पानी की समस्या बनी हुई थी. कई मोहल्ले ऐसे है जहा पेयजल […]

You May Like

Play sound