संसाधनों की कमी से जूझती दमकल सेवा, जान जोखिम में डालकर आग बुझा रहे ग्रामीण

सीधी। बढ़ी आगजनी की घटनाओं के चलते दमकल सेवा चुनौतीपूर्ण हो गई है। गर्मी में आगजनी की घटनाओं इजाफा और दमकल की कमी के चलते समय पर न पहुंचने के कारण ग्रामीणों का खुद ही अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझानी पड़ती है।

गौरतलब है कि गर्मी के दस्तक देने के साथ सीधी जिले में आगजनी की घटनाएं हर साल में बढऩे लगती हैं। आरंभ में जहां खलिहानों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं वहीं घर एवं दुकानों में भी आग लगने की घटनाओं में इजाफा होने लगता है। जिले में गर्मी के मौसम में आगजनी की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें मुख्य रूप से शार्ट सर्किट और सूखी फसलों को कारण माना जा रहा है। सिहावल तहसील के कपुरी बेदौलिहान गांव में अभी शार्ट सर्किट के कारण 4 एकड़ में फैली तैयार फसल और 30-35 पेड़ जलकर खाक गये। ग्रामीणों ने स्वयं आग बुझाई, क्योंकि दमकल समय पर नहीं पहुंच पाई थी। इसी तरह मझौली ब्लाक के कचहरिया गांव में एक नर्सरी में देर रात आग लगने ने हजारों फलदार और औषधिय पौधे जलकर खाक हो गये जिससे लाखों का नुकसान हुआ। ग्राम माटा करही टोला में रामदयाल गुप्ता के घर में भीषण आग लगने से घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। सीधी शहर में गुलाब टावर के समीप विद्युत पोल में आग लगने से आसपास के घरों और व्यवसायिक सम्पत्ति को खतरा पैदा हो गया। कुछ युवाओं ने समय रहते आग पर काबू पाया।

जंगलों में लग रही है भीषण आग

भीषण गर्मी की विभीषिका बढऩे के साथ ही तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में जंगलों में आग लगने की घटनाएं सर्वाधिक सामने आ रही हैं। अभी करीब 3-4 दिनों तक छुहिया घाटी के जंगलों में आग लगी हुई थी। किसी तरह उस पर काबू पाया गया। जिला मुख्यालय के समीपी पटेहरा-गोरियरा के जंगल में भी आग लगने की घटना के कारण समीपी ग्रामीणों के कई झोपडिय़ां चपेट में आ चुकी हैं। इसके अलावा जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

किराना दुकान में लगी भीषण आग, लाखों की क्षति

शहर के सोनांचल बस स्टैण्ड में संचालित रवी प्रोविजन किराना दुकान में अभी देर रात आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। कलेक्टर विकास मिश्रा को भी स्वयं मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा और नगर परिषद चुरहट से फायर बिग्रेड बुलाकर आग बुझाने की मशक्कत करनी पड़ी। जिसके बाद भीषण आग पर काबू पाया गया और आसपास की दुकानें चपेट में आने से बच सकीं। उक्त आग लगने की घटना में व्यवसायी अजीत सितानी को लाखों की क्षति उठानी पड़ी।

जिले में चालू हालत में आधा दर्जन फायर बिग्रेड

नगर पालिका सीधी के पास दो बड़े एवं एक मिनी फायर बिग्रेड की व्यवस्था बनाई गई थी। गर्मी एक शुरू होने के बाद जब आगजनी की घटनाओं में इजाफा हुआ तो एक पुराने फायर बिग्रेड की मरम्मत के लिये भोपाल भेज दिया गया। वहां उक्त फायर बिग्रेड में लीकेज पानी टंकी के साथ ही पूरी बाडी बननी है, निश्चित ही इसमें समय लगेगा। वहीं मिनी फायर बिग्रेड का पम्प बिगडऩे से उसे भी सुधार के लिये भोपाल भेजा जा रहा है। सीधी जिले में इसके अलावा नगर पंचायत मझौली में दो फायर बिग्रेड, नगर परिषद चुरहट एवं रामपुर नैकिन में एक-एक फायर बिग्रेड तथा अल्ट्राटेक सीमेंट के पास एक फायर बिग्रेड है।

 

Next Post

महिला तेंदूपत्ता संग्राहकों के सशक्तिकरण के लिये प्रदेश में संवेदनशील और दूरदर्शी नीतियां : सीएम डॉ यादव

Fri Apr 24 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विशेष रूप से महिला तेंदूपत्ता संग्राहकों के जीवन में ठोस बदलाव लाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार नारी शक्ति के उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प को मूर्त रूप देते हुए मध्यप्रदेश […]

You May Like