रिकॉर्डतोड़ जीत के साथ IPL 2026 के फाइनल में पहुंची RCB, क्वालीफायर-1 में गिल की गुजरात को 92 रनों से हराया

धर्मशाला में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 92 रनों से रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शान से इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में पहुंच गई है।

धर्मशाला में गुजरात टाइटंस को क्वालीफायर-1 में 92 रनों के बड़े अंतर से हराकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। अब 31 मई को आरसीबी दूसरी फाइनलिस्ट टीम के साथ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन का खिताबी मुकाबला खेलेगी। यदि मुकाबले की बात करें तो जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने प्लेऑफ के इस मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

कप्तान रजत पाटीदार, विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने गुजरात के सामने 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। ये आईपीएल इतिहास के प्लेऑफ में अब तक का सबसे बड़ा टोटल साबित हुआ।

RCB के द्वारा दिए गए टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ढेर हो गई । कुछ इस तरीके से बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के इस नॉकआउट मुकाबले को 92 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।

RCB की बल्लेबाजी
धर्मशाला में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए कप्तान रजत पाटीदार ने सबसे बड़ी पारी खेली। इससे पहले वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने तेज-तर्रार पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जाने के लिए मजबूत नींव रखी। विराट कोहली ने 25 गेंदों में 5 चौको व 1 छक्के की मदद से 43 रन बनाए। वहीं, क्रुणाल पांड्या ने भी 43 रन की पारी खेली। शुरुआत में वेंकटेश अय्यर 19 रन बनाए। दूसरी तरफ जितेश शर्मा 5 गेंद में 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

रजत पाटीदार ने बतौर कप्तान बनाया सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड
क्वालीफायर-1 के इस मुकाबले में पाटीदार ने केवल 33 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाकर आरसीबी को 254/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वह अपने शतक से सिर्फ 7 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रजत पाटीदार की यह पारी आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में कप्तान के तौर पर संयुक्त रूप से सबसे बड़े स्कोर में शामिल हो गई। इससे पहले डेविड वॉर्नर भी प्लेऑफ में नाबाद 93 रन बना चुके थे, लेकिन उन्होंने इसके लिए 58 गेंदों का सामना किया था।

इसके अलावा पाटीदार ने आरसीबी के लिए प्लेऑफ में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी दर्ज किया। दिलचस्प बात यह है कि फ्रेंचाइजी के लिए प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर भी उनके ही नाम है, जब उन्होंने 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112 रन बनाए थे।

गुजरात के गेंदबाजो की जमकर हुई कुटाई
आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए। मोहम्मद सिराज ने 3 ओवर में 46, कगिसो रबाडा 4 में 54, जेसन होल्डर 4 में 39 तो प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 53 रन खर्च किए। यदि विकेट की बात करें तो कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर को 2-2 व प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट मिला।

GT की बल्लेबाजी और RCB की गेंदबाजी
आरसीबी के द्वारा 250+ टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी निराशाजनर प्रदर्शन को जारी रखा। साई सुदर्शन के रूप में टीम को सिर्फ 17 रन के स्कोर पर पहला बड़ा झटका लगा। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल से उम्मीद थी, लेकिन वो भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। राहुल तेवतिया को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज जीटी के लिए अर्धशतकीय पारी नहीं खेल सका।

राहुल तेवतिया ने 43 गेंदों में 68 रन की संघर्षभरी पारी खेली। वहीं, जोस बटलर ने 11 गेंदों में 29 रन बनाए। यदि आरसीबी की गेंदबाजी की बात करें तो सबसे ज्यादा 3 विकेट जैकब डफी ने झटके। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार, रासिक सलाम डार और क्रुणाल पांड्या ने 2-2 विकेट झटके। वहीं, जोश हेजलवुड ने भी 1 विकेट अपने नाम किया।

Next Post

ननि का नया भवन, कमरों की कमी नहीं: एक चेंबर में दो रजिस्ट्रार, जन्म-मृत्यु और विवाह एक साथ लोग हो रहे परेशान

Wed May 27 , 2026
भोपाल। नगर निगम के नवीन मुख्यालय भवन में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन शाखा के दोनों रजिस्ट्रार एक ही चेंबर में काम करने को मजबूर हैं. जबकि भवन में पर्याप्त संख्या में अलग-अलग चेंबर उपलब्ध हैं और विभागों की शिफ्टिंग के दौरान दोनों अधिकारियों के लिए अलग व्यवस्था भी की गई […]

You May Like