
शाजापुर। दो परिवारों को लाखों रू देकर शादी करवाना महंगा पड़ गया. इनके घर शहनाई भी बजी, लेकिन 15 दिन बाद दुल्हन फरार हो गई. यह कहानी एक नहीं बल्कि दो परिवारों की है जो अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं. अब पीडि़तों ने पुलिस की शरण ली है, जिन्होंने पुलिस से अपनी राशि दिलवाने और न्याय दिलाने की मांग की है.
पनवाड़ी गांव के दो परिवारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि दलालों और महिलाओं के एक गिरोह ने उनसे करीब साढ़े पांच लाख रुपए ठग लिए. शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों महिलाएं घर छोडक़र चली गईं और अब तक वापस नहीं लौटीं.
किसी ने 3 तो किसी ने 2 लाख रू देकर करवाई थी शादी
दोनो ही मामलों में दुल्हने 15 दिन बाद ही बहाने बनाकर घर से निकल गई जो अब तक वापस नहीं लौटी है. पहले मामले में पनवाड़ी निवासी निर्भय सिंह ने बताया कि उनके बेटे धर्मेंद्र की शादी कराने के लिए नारायण पाण्डा, बाबु और सुखराम ने झाबुआ निवासी ज्योति से संपर्क कराया था. आरोप है कि शादी के एवज में उनसे दो लाख रुपए लिए गए. 19 नवंबर 2025 को विवाह संबंधी दस्तावेज भी तैयार किए गए थे. निर्भय सिंह के अनुसार शादी के बाद ज्योति केवल 15 दिन तक घर में रही. इसके बाद वह दादी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर चली गई और फिर कभी वापस नहीं लौटी. दूसरे मामले में अर्जुन ने शिकायत की है कि उसकी शादी रानू बाई मिश्रा से कराने के नाम पर करीब तीन लाख रुपए लिए गए. आरोपियों ने खुद को लडक़ी के रिश्तेदार बताकर शादी कराई थी. अर्जुन के मुताबिक रानू बाई भी शादी के 15 दिन बाद इंदौर जाने का कहकर घर से चली गई और वापस नहीं आई. अर्जुन ने आरोप लगाया कि महिला अपने साथ मोबाइल फोन और चांदी की पायजेब भी ले गई है. पीडि़तों का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. शिकायतकर्ताओं के पास पैसे देने के वीडियो, शादी के फोटो और कुछ आधार कार्ड भी मौजूद होने का दावा किया गया है.
दलालों के गिरोह ने मिलकर ठगा…
इन दोनों ही शादियों का सौदा बीच में रहने वाले दलाल करते हैं. शिकायत में पहला दलाल नारायण पाण्डा है जो जिला शाजापुर का निवासी है. दूसरा दलाल बाबू है जो जिला उज्जैन की तहसील तराना अंतर्गत एक गांव का रहने वाला है. तीसरा दलाल सुखराम है जो जिला धार का निवासी है. सुखराम इस पूरे गिरोह का मुख्य दलाल बताया जा रहा है. वहीं लड़कियों से सीधे संपर्क कर बातचीत करता है और शादी तय करवाने का काम करता है. अब पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
पुलिस कर रही है मामले की जांच…
मामला 21 मई को सुनेरा थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई गई थी. फरियादी ने आरोप लगाया कि 6 दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है. हालांकि जब सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों शिकायत आवेदन प्राप्त हो गए हैं और मामले की जांच की जा रही है. जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी.
