डही (धार): विकासखंड डही के ग्राम कवड़ा के आज़नीयापुरा में गुरुवार तडक़े करीब 3 से 4 बजे के बीच जंगली जानवर ने एक ही घर में घुसकर नौ बकरा-बकरियों को मार डाला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीडि़त किसान कुंवरसिंह जमरा को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, रात में कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर कुंवरसिंह जमरा की नींद खुली। जब वे बाहर निकले और पशुओं के बाड़े की ओर पहुंचे तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था। पास जाकर देखा तो उनकी नौ बकरा-बकरियां मृत अवस्था में पड़ी थीं। यह मंजर देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
वन विभाग के नाकेदार सचिन डोड़वे ने बताया कि घटनास्थल पर मिले निशानों के आधार पर प्रथम दृष्टया हमला किसी जंगली जानवर, संभवत: तेंदुए (लेपर्ड) द्वारा किया जाना प्रतीत होता है। हालांकि स्पष्ट रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौके पर पंचनामा तैयार कर लिया गया है तथा शासन के नियमानुसार पीडि़त किसान को मुआवजा दिलाने के लिए आवेदन कराया जाएगा।
पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. दामोदर गेहलोद ने बताया कि बकरा-बकरियों के पोस्टमार्टम के प्रारंभिक परीक्षण में जंगली जानवर के हमले से मौत होना प्रतीत हो रहा है।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रेवसिंह बालू चोंगड़ ने कहा कि कुंवरसिंह जमरा को इस घटना से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन को नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए। साथ ही वन विभाग को क्षेत्र में लगातार गश्त कर जंगली जानवर की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों और उनके पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगली जानवर की पहचान कर उसे जल्द पकडऩे या सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेडऩे के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
