रीवा: रीवा में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह खुद देर रात सड़कों पर उतरे। शहर के कॉलेज चौराहा, शिल्पी प्लाजा और सिरमौर चौराहा सहित प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील इलाकों में अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रात के समय अचानक एसपी की मौजूदगी से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई, वहीं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ।
रात्रि गश्त के दौरान एसपी गुरकरन सिंह ने थाना प्रभारियों और पुलिस जवानों को लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एडिशनल एसपी आरती सिंह, सीएसपी रीतु उपाध्याय, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह एवं अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल भी मौजूद रहे। व्यस्त बाजारों और मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च कर पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि रीवा पुलिस हर समय मुस्तैद है और अपराधियों के लिए अब शहर में कोई जगह नहीं बची है।
