ग्वालियर: विमानन सेवाओं के लिहाज से ग्वालियर के लिए काफी व्यस्त और उत्साहजनक माहौल है। ग्वालियर एयरपोर्ट पर मुंबई सेक्टर के लिए संचालित इंडिगो की शेड्यूल्ड फ्लाइट में यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। इस रूट पर आने-जाने वाले यात्रियों की कुल संख्या 361 दर्ज की गई।विमानतल प्रबंधन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मुंबई से ग्वालियर आने वाली और यहाँ से वापस जाने वाली, दोनों ही उड़ानों में लगभग सभी सीटें फुल रहीं।
क्षमता के मुकाबले रही शत-प्रतिशत बुकिंग
इंडिगो की इस फ्लाइट की कुल सीटिंग कैपेसिटी 186 सीटों की है। आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर आने वाले यात्री मुंबई से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट में 180 यात्री सवार थे। ग्वालियर से जाने वाले यात्री – ग्वालियर से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों की संख्या 181 रही। कुल मिलाकर इस एक दिन के मूवमेंट में विमानतल पर 361 यात्रियों का आवागमन हुआ।
बेहतर कनेक्टिविटी का मिल रहा लाभ
विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, सप्ताहांत होने के कारण मुंबई रूट पर यात्रियों का यह भारी दबाव देखा गया। लगभग फुल कैपेसिटी के साथ चल रही इस फ्लाइट से साफ है कि ग्वालियर और मुंबई के बीच व्यापारिक और पारिवारिक कारणों से सफर करने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद लोकप्रिय साबित हो रही है। इस पूरे शेड्यूल के दौरान एयरपोर्ट पर कुल 2 विमान मूवमेंट्स (एक अराइवल और एक डिपार्चर) दर्ज किए गए।
