पीडि़त परिवार अकेला नहीं, शासन हर कदम पर साथ है: दिलीप

सीधी :जिले के ग्राम कसिहवा ग्राम पंचायत बघवारी में शनिवार को हुए हृदयविदारक हादसे ने पूरे जिले को गमगीन कर दिया। बिजली के पोल से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर दिया। इस अपूर्णीय क्षति पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया और पीडि़त परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार मृत बच्चों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई, जिसमें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये तथा म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा 4-4 लाख रुपये प्रति मृतक के मान से सहायता राशि स्वीकृत की गई। साथ ही जिला रेडक्रॉस सोसायटी सीधी की ओर से तत्काल 20-20 हजार रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल अपने सभी कार्यक्रमों को निरस्त करते हुए रविवार को मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

प्रभारी मंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस अपूर्णीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है लेकिन शासन इस कठिन समय में परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप सहायता राशि के चेक पीडि़त परिवार को सौंपे। इसके अतिरिक्त जनसहयोग से एक लाख रुपये आवास निर्माण के लिए एकत्र किए गए, जबकि प्रभारी मंत्री ने अपनी स्वेच्छा निधि से 40 हजार रुपये अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की। कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने पंचायत विभाग को आवास निर्माण हेतु आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीडि़त परिवार की जीवित बची बच्ची के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उसे केन्द्रीय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने, माता एवं बच्ची के नाम एफडी के रूप में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी संतोष कोरी, सीईओ जिपं शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद-विधायकों ने बढ़ाया सहयोग का हांथ
इस दौरान सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने भी शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ गृहस्थी के लिए आवश्यक बर्तन एवं वस्त्र उपलब्ध कराए। सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी परिवार के पुनर्वास और आवश्यक जरूरतों में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Next Post

पुलिस ने फरार बदमाश को किया गिरफ्तार, शराब पीने के लिए मांगे जबरन रूपए

Sun May 24 , 2026
भोपाल: अयोध्यानगर थाना पुलिस ने अडीबाजी और मारपीट मामले में फरार बदमाश को गिरफ्तार किया. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. आरोपी बदमाश राबिन ने अपने साथी आरोपी के साथ जबरदस्ती शराब पिलाने के लिए अड़ीबाजी की थी. फरियादी के पैसे नहीं […]

You May Like