दतिया: संत श्री गुरुशरण महाराज के सान्निध्य में पण्डोखर धाम में दस गरीब परिवार की कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम के साथ हुआ। क्षेत्र के ग्राम मेथाना पहुंच निवासी भगत वीर सिंह दोहरे ने 11 कन्याओं के विवाह कराने का संकल्प लिया था किंतु क्षेत्रीय स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने के कारण वे व्यथित हो गए और अपना संकल्प पूर्ण न हो पाने से दुःखी होकर आत्मघाती कदम उठाने का विचार बनाने लगे। वह पण्डोखर सरकार के दरबार में पहुंचे , जहां उनकी स्थिति से अवगत होने पर श्री गुरुशरण महाराज ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें तथा कोई अनुचित कदम न उठाएं।
उन्होंने घोषणा की कि वे स्वयं सभी कन्याओं का विवाह पण्डोखर सरकार धाम ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क करायेंगे तथा कन्याओं को आवश्यक गृहस्थी का सामान एवं जरूरी आभूषण भी प्रदान किए जाएंगे। पण्डोखर धाम में 10 कन्याओं का विवाह वैदिक एवं हिंदू रीति-रिवाजों के साथ कराया गया। सभी वर चार पहिया वाहनों एवं घोड़ों पर सवार होकर डीजे और बैंड बाजों के साथ आश्रम स्थित श्रीराम दरबार मंदिर से बारात लेकर हनुमान पंच अखाड़े के नजदीक श्रद्धा मंच पहुंचे , जहां वधु पक्ष के साथ श्री गुरुशरण महाराज , ग्राम के सरपंच रामकुमार शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह ने बारात की अगवानी कर स्वागत किया। भव्य श्रद्धा मंच पर सभी वर – वधुओं को एक साथ बैठाया गया और सभी जोड़ों का वेदमन्त्रों की ध्वनि के बीच जयमाला कार्यक्रम हुआ।
पण्डोखर ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 11 जोड़ो का विवाह होना था परंतु एक कन्या की आयु पूर्ण वयस्क न होने के कारण उसका विवाह अगले वर्ष कराने का आश्वासन दिया गया है। पण्डोखर धाम ट्रस्ट की ओर से सभी 10 नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान , जिसमें पलंग , बिस्तर , सोफा सेट , कूलर , फ्रिज , ढेरों वस्त्र – बर्तन आदि अन्य आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई
