गुना: जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम महूखान में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार, ग्राम महूखान निवासी राजेंद्र सिंह कुशवाह (उम्र लगभग 32 वर्ष) और उनकी पत्नी राखी कुशवाह (उम्र लगभग 28 वर्ष) रोज की तरह मजदूरी कर के अपने घर लौटे थे।
दिनभर की थकान के बाद राजेंद्र सिंह घर के बाहर बने बाड़े में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली की डोरी (तार) टूटकर वहाँ लगी लोहे की तार फेंसिंग (बाड़) पर गिर गई, जिससे पूरी फेंसिंग में तेज करंट फैल गया।बाड़े में पैर रखते ही राजेंद्र सिंह कुशवाह करंट की चपेट में आ गए और बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। जब पत्नी राखी कुशवाह ने पति को जमीन पर गिरा देखा, तो उन्हें लगा कि चक्कर आने के कारण वे गिर गए हैं। राखी जैसे ही अपने पति को उठाने के लिए आगे बढ़ीं, वे भी फेंसिंग और पति के शरीर में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं।
