इंदौर: शहर में अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो बदमाशों पर बड़ी कार्रवाई की है. पंढरीनाथ पुलिस ने कुख्यात अपराधी गौरव भाट पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की है, वहीं ड्रग तस्कर सोनू उर्फ जला पर पिट (एनडीपीएस) एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है. दोनों आरोपियों को 14 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा.
आरोपी गौरव भाट के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और अवैध कब्जे जैसे 35 गंभीर मामले दर्ज हैं. उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए रासुका के तहत कार्रवाई की गई. आरोपी फिलहाल सेंट्रल जेल इंदौर में बंद है. वहीं सोनू उर्फ जला लंबे समय से ब्राउन शुगर और एमडी ड्रग्स की तस्करी में सक्रिय था. उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के छह मामले दर्ज हैं. आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्तता के आधार पर उस पर पिट (एनडीपीएस) एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई कर भोपाल जेल भेजा है.
थाना प्रभारी सतीश पटेल ने बताया कि अपराध और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत चिन्हित बदमाशों और तस्करों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है. वहीं पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील मेहता ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के लिये लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. नशे के अवैध कारोबार और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
