जबलपुर: दवाओं की ऑनलाइन बिक्री और अन्य संबंधित समस्याओं के विरोध में ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन तथा मध्य प्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को एक दिवसीय देश व्यापी बंद का आव्हान कर दिया है। जिसका पता चलने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। बंद के कारण आम जनता और मरीजों को कोई तकलीफ न हो और उन्हें जरूरत की दवाइयां आसानी से मिल सकें, इसके लिए प्रशासन ने समुचित इंतजाम किए गए हैं।
औषधि निरीक्षक देवेंद्र जैन ने बताया की मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बंद से कुछ जरूरी दवा केंद्रों को पूरी तरह मुक्त रखा गया है। आम नागरिक शहर के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, अमृत फार्मेसी, सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्राइवेट अस्पतालों के अंदर चलने वाले मेडिकल स्टोर्स से दवाइयां प्राप्त कर सकेंगे। ये सभी सामान्य दिनों की तरह ही अपने निर्धारित समय पर खुली रहेंगी, जिससे किसी भी मरीज का इलाज प्रभावित न हो।
प्रशासन ने जारी किए विशेष नंबर
आपात स्थिति में अगर किसी को दवाइयों की तत्काल आवश्यकता पड़ती है, तो प्रशासन ने मदद के लिए विशेष नंबर भी जारी किए हैं। जरूरत पड़ने पर जबलपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आज़ाद जैन को 94253 24561, उपाध्यक्ष डॉ. रमाकांत रावत को 93012 21323, कोषाध्यक्ष संजय विश्नोई को 99261 28626 और सह-सचिव नवीन कपूर को 97705 19114 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा दवाइयों की उपलब्धता में किसी भी तरह की समस्या आने पर जिला स्तर पर तैनात औषधि निरीक्षक देवेंद्र कुमार जैन के मोबाइल नंबर 88199 04545 और प्रवीण पटेल के नंबर 95899 07750 पर भी तुरंत संपर्क कर मदद ली जा सकती है। किसी भी आपात परिस्थिति के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0755-2665385 भी जारी किया गया है, जहां फोन करके सहायता प्राप्त की जा सकती है।
