
दमोह। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठानी मोहल्ला में मंगलवार सुबह 11 बजे नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंचे नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी के साथ कुछ लोगों के द्वारा अभद्रता और धक्का मुक्की की गई है. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इसके अलावा नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ भी आरोपियों द्वारा अभद्रता की गई. नगर पालिका सीएमओ और सभी कर्मचारी कोतवाली पहुंचे और काम बंद कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.आरोपी अभी फरार चल रहे हैं उनके परिजनों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है. नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहर में नालियों की सफाई का अभियान चल रहा है. पठानी मोहल्ले में भी नालियों की सफाई का काम चल रहा था.वह निरीक्षण करने गए थे, तो एक जगह पर नाली पर अतिक्रमण था.उन्होंने अतिक्रमणकारियों से पक्का अतिक्रमण हटाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माने इसके बाद उन्होंने जेसीबी बुलवाई और नाली से अतिक्रमण हटाना शुरू किया. जिसके बाद मिर्जा शहजाद खान और सरफराज खान के द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई और धक्का मुक्की की गई.नगर पालिका कर्मचारी भी वहां मौजूद थे. उन्होंने बताया कि यह नगर पालिका सीएमओ है इसके बावजूद भी आरोपी नहीं माने और उन्होंने नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की और गालियां दी गई.
इसके बाद नगर पालिका सीएमओ कोतवाली पहुंचे. जानकारी लगते ही नगरपालिका में पदस्थ सभी सफाई कर्मचारी व अन्य विभागों के कर्मचारी कोतवाली पहुंचे और जमकर नारेबाजी की.कर्मचारियों ने संबंधित आरोपियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की.कोतवाली टीआई मनीष कुमार कोतवाली पहुंचे और उन्होंने नगर पालिका सीएमओ के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों पर मामला दर्ज किया. नगर पालिका कर्मचारियों ने बताया कि इस समय स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है. कई स्थानों पर लोगों के द्वारा नाली पर अतिक्रमण किया गया है. जब उसे हटाते हैं तो लोगों के द्वारा अभद्रता की जाती है.यदि नगर पालिका के कर्मचारी अच्छा काम नहीं करेंगे तो स्वच्छता में रैंकिंग कैसे सुधरेगा.
पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) आनंद कलादगी ने बताया कि उन्हें जानकारी लगी कि नगर पालिका सीएमओ के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता की है.आरोपियों पर कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जल्दी उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
*शाम को चला बुलडोजर*
पठानी मोहल्ला में नगर पालिका सीएमओ पर हुए हमले के बाद मंगलवार शाम सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी पुलिस बल, बज्र के साथ दूसरी बार पहुंचे और करीब एक दर्जन मकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाया. सुबह जब वह नाली के ऊपर का अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे. तब एक परिवार के दो लोगों के द्वारा उनके साथ झूमा झटकी करते हुए अभद्रता की थी. इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराई और शाम को पुलिस बल के साथ पुनः इसी स्थान पर पहुंचकर लोगों के घरों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया.
