गिरावट में बंद हुए प्रमुख सूचकांक, आईटी कंपनियों में लिवाली का जोर

मुंबई, 19 मई (वार्ता) दिग्गज कंपनियों में अंतिम समय में हुई बिकवाली से मंगलवार घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। आईटी कंपनियों में जबरदस्त तेजी रही जबकि बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों ने बाजार पर दबाव बनाया। रसायन, सार्वजनिक बैंक, रियलटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी तेजी रही। ऑटो और फार्मा सेक्टरों से सूचकांक भी ऊपर बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 114.19 अंक (0.15 प्रतिशत) गिरकर 75,200.85 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 31.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत उतरकर 23,618 अंक पर रहा।
सेंसेक्स सुबह बढ़त में खुला था और लगभग पूरे दिन हरे निशान में रहा। आखिरी एक घंटे में दिग्गज कंपनियों में बिकवाली से अंत में यह लाल निशान में बंद हुआ।

वृहत बाजार में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.88 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.17 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इंफोसिस का शेयर पौने पांच प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का पौने तीन प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा और इटरनल में भी करीब ढाई प्रतिशत की तेजी रही। टीसीएस का शेयर दो प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयर भी मजबूत रहे। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर ढाई प्रतिशत टूट गया। अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, सन फार्मा, इंडिगो और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच गिर गये। रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीईएल, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी में भी गिरावट रही।

.....

Next Post

मानव जीवन सर्वोपरि: सुप्रीम कोर्ट की दो टूक: स्कूल, अस्पताल और स्टेशनों से हटाए जाएं आवारा कुत्ते

Tue May 19 , 2026
नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाने के अपने पिछले आदेश में बदलाव से इनकार करते हुए कहा है कि कुत्तों के काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं और इनके हमलों में बच्चें, बुजुर्ग घायल हुए हैं और यहां तक कि विदेशी यात्रियों को भी […]

You May Like