बहराइच में सड़क हादसे में चार मरे,दो गंभीर

बहराइच, 18 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मटेरा क्षेत्र में कंबाइन मशीन की टक्कर से कार सवार चार लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नानपारा-बहराइच मार्ग पर रविवार देर क्षेत्र में यह हादसा डिहवा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। नानपारा से बहराइच की ओर जा रही टाटा पंच कार में छह लोग सवार थे। इसी दौरान मटेरा की ओर से बहराइच जा रही एक अज्ञात कंबाइन मशीन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना मटेरा और थाना नानपारा की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल बहराइच भिजवाया जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुयी है।

मृतकों की पहचान अनिल कुमार (40) पुत्र सुरेश निवासी मुकेरिया थाना रामगांव बहराइच, अल्ताफ अहमद (38) पुत्र अब्दुल कादिर निवासी हमजापुरा थाना दरगाह शरीफ बहराइच,अनिल कुमार (42) पुत्र श्याम नारायण निवासी मेटुकहा थाना रामगांव बहराइच तथा महेंद्र पाल (45) पुत्र राधेश्याम निवासी फतेहपुरवा मोहम्मदपुर थाना रामगांव बहराइच के रूप में हुई है। वहीं घायलों में शिवम श्रीवास्तव (30) पुत्र वेदप्रकाश निवासी चित्रशाला रोड थाना कोतवाली नगर बहराइच तथा अश्वनी कुमार (30) पुत्र रामकमल निवासी ब्राह्मणीपुरा थाना कोतवाली नगर बहराइच शामिल हैं। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होने बताया कि नानपारा कि तरफ से एक टाटा पांच गाड़ी आ रही थी जिसमे छह लोग सवार थे नानपारा के पास मटेरा की ओर से बहराइच जा रही एक अज्ञात कंबाइन मशीन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी जिसमे चार लोगों की मौत हुई है।

 

Next Post

निगमायुक्त ने निर्माणाधीन एसटीपी का किया निरीक्षण

Mon May 18 , 2026
इंदौर:नगर निगम आयुक्त ने आज शहर में निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट, ड्रेनेज लाइन और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने एसटीपी प्लांट के काम और ड्रेनेज लाइन डालने के कार्य में गति बढ़ाने के निर्देश दिए.निगमायुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा अमृत योजना पैकेज 2.0 के तहत निर्माण कार्यों का निरीक्षण […]

You May Like