
सिंगरौली। ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में सर्व समाज के सहयोग से आज रविवार को मिश्रा पाली क्लीनिक एंड नर्सिंग होम, बैढ़न में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में प्रौढ़, महिलाएं एवं युवक-युवतियों के साथ-साथ दम्पत्तियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक पहुंचकर रक्तदान किया। देर शाम तक रक्त दाताओं की संख्या एक सैकड़ा पहुंच गई थी और यह सिलसिला जारी था। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने भगवान परशुराम जी के प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। इसके पहले भाजपा नेता गिरीश द्विवेदी, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एसडी सिंह, सचिव डॉ. ओपी राय के अलावा डॉ. आरडी द्विवेदी, डॉ. डीके मिश्रा, गोविन्द पाण्डेय, समाजसेवी अमित द्विवेदी, डॉ. आरडी पाण्डेय, इंजी. आशीष शुक्ला, कार्यक्रम संचालक शिवेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य ने कार्यक्रम शुरूआत किया।
सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं: रामनिवास
कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी उपस्थित हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और ऐसे सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। विधायक ने ब्राह्मण समाज एवं सर्व समाज के लोगों द्वारा किए जा रहे इस पुनीत कार्य की प्रशंसा करते हुए आयोजन को निरंतर जारी रखने की बात कही। इस अवसर पर समाजसेवियों एवं अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। यहां बताते चले कि सुबह 10 बजे से रक्तदान शिविर का शुरूआत हुआ था। जहां देर रात तक यह कार्यक्रम चलता रहा। देर शाम तक स्वेच्छिक रक्तदाताओं की संख्या 112 से ऊपर पहुंच गई थी। शिविर के आयोजक ने कहा कि यह आंकड़ा और भी ज्यादा पहुंचने की संभावना है।
