
सीधी। जिले के सेमरिया बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध पटाखा भंडारण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के पटाखे जब्त कर लिए। देवास हादसे के बाद पूरे प्रदेश में प्रशासन अलर्ट मोड पर है और अब सेमरिया में भी कार्रवाई का बड़ा असर देखने को मिला। सेमरिया बाजार स्थित उमेश पटाखा स्टोर पर नायब तहसीलदार एकता शुक्ला और सेमरिया थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि लाइसेंस होने के बावजूद भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण घर के अंदर किया गया था। बताया जा रहा है कि करीब 3 लाख रुपये से अधिक के पटाखे जब्त किए गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मुख्य बाजार और रिहायशी इलाके में इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कैसे जमा कर दी गई? अगर जरा सी चिंगारी भड़क जाती तो पूरा बाजार तबाही में बदल सकता था। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विस्फोटक अधिनियम 1884 और विस्फोटक नियम 2021 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सेमरिया क्षेत्र में अभी भी कई जगहों पर चोरी-छिपे पटाखों का अवैध भंडारण किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उन ठिकानों तक नहीं पहुंच पाए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे बाजार में व्यापक जांच अभियान चलाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे से पहले खतरे को खत्म किया जा सके। देवास की दर्दनाक घटना के बाद अब प्रशासन एक्शन में है और सेमरिया की यह कार्रवाई साफ बता रही है कि अवैध पटाखा कारोबारियों पर अब शिकंजा कसना शुरू हो चुका है।
इनका कहना है-
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन सामने आया है और अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का साफ संदेश है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एकता शुक्ला , नायब तहसीलदार वृत्त सेमरिया
