
जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने गुरूवार को एक बैठक कर शहर के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और जनहित के कार्यों का बारीकी से समीक्षा की। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने विभागवार कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जांची। समीक्षा में अमृत फेज-2 और सीवर कार्यो को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये। निगमायुक्त ने ये कहा कि भरपूर जलापूर्ति और जल वितरण व्यवस्था से संबंधित प्रकरणों के लिए निगम अब सीधे जनता के बीच जाएगा। निगमायुक्त ने शहर के विभिन्न वार्डों में जल चैपाल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था और पार्कों के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया गया। इस मौके पर निगमायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि सभी लोग अपने अपने विभागों से संबंधित कार्यो को पारदर्शिता के साथ करें।
जल निकासी पर विशेष जोर
वर्षा ऋतु के आगमन से पहले शहरवासियों को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि वर्षाजल निकासी की व्यवस्था को सुगम बनाया जाए। उन्होंने नालों की सफाई और ड्रेनेज लाइनों के चोक पॉइंट को तत्काल ठीक करने को कहा है ताकि बारिश के दौरान सड़कों पर पानी जमा न हो। इस दौरान नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याओं को मौके पर सुनना और उनका समाधान करने के निर्देश निगमायुक्त ने जल विभाग के अधिकारियों को दिये। बैठक में समस्त अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त एवं विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।
