भोपाल। जीतू पटवारी ने देवास जिले के टोंककलां क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर कहा कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही, अवैध संरक्षण और प्रदेश में सक्रिय माफिया तंत्र का परिणाम है।
उन्होंने देवास पहुंचकर घायलों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात करने के बाद कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सरकार की विफल व्यवस्था का भयावह उदाहरण है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी अनुबंध के तहत अनाज भंडारण के लिए उपयोग किए जाने वाले वेयरहाउस में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी।
पटवारी ने कहा कि विस्फोट में कई निर्दोष लोगों की मौत हो गई, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में पहले भी आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी थीं, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री में नाबालिग बच्चों से खतरनाक परिस्थितियों में काम कराया जा रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर अनियमितताओं के बावजूद प्रशासन मौन क्यों रहा।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में रेत, खनन, भू और शराब माफिया के बाद अब “बारूद माफिया” निर्दोष लोगों की जान ले रहा है। कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच, दोषियों पर कड़ी आपराधिक कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के बेहतर उपचार की मांग की है।
