बीजिंग, 14 मई (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एवं उनकी पत्नी पेंग लियुआन को 24 सितंबर को व्हाइट हाउस आने का न्योता दिया। बीजिंग में आयोजित एक राजकीय स्वागत समारोह के दौरान श्री ट्रंप ने दोनों को आमंत्रित करते हुए कहा, “राष्ट्रपति शी, इस शानदार स्वागत के लिए आपका फिर से धन्यवाद। आज रात आपको और मैडम पेंग को इस 24 सितंबर को व्हाइट हाउस आने के लिए आमंत्रित करना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमें आपके आने का इंतज़ार रहेगा।” इस दौरान, श्री जिनपिंग के साथ हुई उच्च स्तरीय बातचीत को ‘सकारात्मक’ बताते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन का संबंध ‘विश्व इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण रिश्तों में से एक है।’
उन्होंने दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों की भी तारीफ की और कहा कि दोनों राष्ट्र ‘कड़ी मेहनत’, ‘साहस’ और ‘उपलब्धि’ जैसे साझा मूल्यों को मानते हैं। श्री जिनपिंग को ‘अपना दोस्त’ बताते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के रिश्तों की जड़ें बहुत पुरानी हैं, जो शुरुआती व्यापारिक आदान-प्रदान के समय से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा, “जब हम दोनों एकजुट और साथ होते हैं, तो यह दुनिया और भी खास बन जाती है।” इसके साथ ही उन्होंने दोनों देशों के बीच एक मजबूत और स्थिर साझेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि दोनों देशों के बीच यह रिश्ता अमेरिका की स्थापना के समय से है। उन्होंने उन शुरुआती अमेरिकी व्यापारियों का जिक्र किया जो चीन आए थे और जिन्हें चीनियों ने ‘नये लोग’ (द न्यू पीपल) कहकर पुकारा था।

