
खंडवा। सड़क दुर्घटनाओं की सही और त्वरित जानकारी दर्ज करने के साथ तकनीकी समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस द्वारा गुरुवार को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित इस प्रशिक्षण में सीसीटीएनएस, आईआरडीए और एडीईआर पोर्टल के इंटीग्रेशन एवं सुचारू संचालन पर विस्तार से जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण अगम जैन के निर्देशन एवं महेन्द्र तारणेकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल कुमार राय, एनआईसी डीआरएम ऋषि धामेजा, यातायात थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह परिहार सहित विभिन्न थानों और चौकियों से आए सीसीटीएनएस, आईआरडीए और एडीईआर ऑपरेटर मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी जानकारी को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सही तरीके से दर्ज करना कितना महत्वपूर्ण है। एनआईसी डीआरएम ऋषि धामेजा ने ऑपरेटरों को पोर्टल संचालन, तकनीकी समस्याओं के समाधान और डेटा एंट्री के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया।
खंडवा पुलिस का यह प्रयास सड़क दुर्घटनाओं के डेटा को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
