
जबलपुर। मदनमहल रेलवे स्टेशन के बाहर बुधवार रात बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने एक महिला व्यापारी के हाथ से कत्थाई रंग का हैंडबैग झपटकर पलक झपकते ही फरार हो गए। बैग में 15,000 नगद, सोने-चांदी के जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
पुलिस ने बताया कि नरसिंहपुर के गोटेगांव ग्राम कंजई की रहने वाली 24 वर्षीय रेवती सिलावट उर्फ रेखा इंदौर के प्रसिद्ध खजुरी बाजार में वीणा प्रकाश नाम से किताबों की दुकान संचालित करती हैं। बीती रात वह विंध्याचल एक्सप्रेस से मदनमहल स्टेशन उतरी थीं। वह प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बाहर ओवरब्रिज के नीचे खड़ी होकर अपने भाई हरेंद्र पटेल के आने का इंतजार कर रही थीं। रात करीब 9 बजे मदनमहल स्टेशन की ओर से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। उन्होंने रेवती के बाजू में टंगे रेग्जीन के बैग पर झपट्टा मारा। महिला ने शोर मचाया और मदद के लिए चिल्लाई, लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते, बदमाश लिंक रोड की तरफ तेजी से भाग निकले। अत्यधिक रफ्तार के कारण पीड़ित मोटरसाइकिल का नंबर नहीं देख सकी। पीड़िता के अनुसार छीने गए बैग में नगदी 15,000 कैश, सोने के कान के बाले, सोने की चैन और चांदी की पायल, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस, 2 एक्सिस बैंक और 2 एचडीएफसी बैंक के कार्ड रखा था। पुलिस ने रेवती सिलावट की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की उम्र 23 से 25 वर्ष के बीच है। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे आरोपी ने अपना आधा मुंह कपड़े से ढक रखा था। पुलिस स्टेशन के आसपास और लिंक रोड के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।
