स्वच्छता व्यवस्था पर महापौर का तड़के औचक निरीक्षण

इंदौर। शहर को स्वच्छता में देश का नंबर-1 बनाए रखने के संकल्प के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार तड़के सुबह एक बार फिर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जोन क्रमांक 14, जोन क्रमांक 15 तथा चंदन नगर क्षेत्र सहित सिरपुर तालाब का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था और सड़क के मध्य भाग (मीडियन) की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने चंदन नगर क्षेत्र में सड़क मीडियन और सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इसके बाद उन्होंने जोन क्रमांक 15 में भी स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया। क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था देखकर महापौर ने सफाई कर्मियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

महापौर ने गोपुर चौराहे से चाणक्यपुरी चौराहे तक सड़क के मध्य भाग में की गई स्वच्छता और सौंदर्यीकरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों से बातचीत कर स्वच्छता संबंधी सुझाव प्राप्त किए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने झोनल अधिकारी ओर सीएसआई को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर पालतू कुत्तों के मल से गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही नागरिकों को जागरूक कर यह समझाया जाए कि स्वच्छ शहर बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से संभव हुई है।शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा।

Next Post

एल एंड टी फ्रांस की कंपनी के साथ मिलकर नौसेना के लिए बनायेगी बारूदी सुरंग नष्ट करने वाली प्रणाली

Thu May 14 , 2026
मुंबई 14 मई (वार्ता) निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी ने नौसेना के लिए मानवरहित माइन काउंटर-मेजर (एमसीएम) स्वीट के निर्माण के लिए फ्रांस की कंपनी एग्जेल के साथ करार किया है। नौसेना के माइन काउंटर-मेजर वेसेल (एमसीएमवी) कार्यक्रम के तहत एलएंडटी को इस प्रणाली के निर्माण का ठेका […]

You May Like