नयी दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि दिल्ली सरकार अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। nश्री सूद ने गुरूवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी में अटल कैंटीन के लोकार्पण अवसर पर कहा, “अंत्योदय की बात हमारी पार्टी के संस्थापकों ने की थी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसको जी रहे हैं और अटल कैंटीन की बात हमारे संकल्प पत्र में भी थी । उसे दिल्ली की मुख्यमंत्री पूरा कर रही है। जब शहरी विकास मंत्रालय के मंत्री के रूप में मुझे अटल कैंटीन बढ़ाने का मौका मिला तो यह मेरे लिए गर्व की बात थी।” उन्होंने कहा कि हर धर्म के व्यक्ति के लिए सरकार अपने बजट में से कुछ ऐसा काम कर रही है जिससे उसके जीवन में सकून मिलता है, इससे उसके जीवन में परिवर्तन आता है। यह प्रधानमंत्री का हम लोगों को दिया गया मंत्र है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार अपने संकल्प अंत्योदय के लक्ष्य को पूरा कर पाती हैं। 25 दिसंबर से प्रारंभ हुई अटल कैंटीन योजना के अंतर्गत अब तक 57 दिनों में 14,58,301 लोग पौष्टिक भोजन प्राप्त कर चुके हैं।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि पिछले 56 दिनों में 46 अटल कैंटीन शुरू हुई जिनमें प्रतिदिन औसतन लगभग 26,000 लोगों ने भोजन किया। प्रति कैंटीन औसतन 31,000 से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। शीघ्र ही 25 नई कैंटीन और प्रारंभ होने जा रही हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 50,000 से अधिक जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा। श्री सूद ने कहा कि अटल कैंटीन केवल भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह दिल्ली सरकार की अंत्योदय की भावना को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में दिल्ली ने अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, प्रदूषण और अविकास का दौर देखा, लेकिन वर्तमान सरकार ने एक वर्ष में अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग को इस वर्ष 157 प्रतिशत अधिक बजट आवंटित किया गया है, जिससे सुल्तानपुरी, जहांगीर पूरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में हजारों फ्लैटों की मरम्मत एवं झुग्गी निवासियों को पक्के मकान देने की कार्य योजना पर तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास केवल सड़कों, नालियों और सीवर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है। अटल कैंटीन जैसी योजनाएँ आत्मिक संतोष देने के साथ-साथ सामाजिक समानता और गरिमा का भी संदेश देती हैं। दिल्ली सरकार विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगी।

