
भिंड। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव द्वारा 100 से अधिक लग्जरी वाहनों का काफिला निकालने पर विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के बीच किए गए इस शक्ति प्रदर्शन पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं जबकि मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा संगठन ने सज्जन सिंह यादव से जवाब मांगा है।
सज्जन सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ एक लंबे काफिले के रूप में भिंड शहर में पहुंचे। इस काफिले में 100 से अधिक चारपहिया और अन्य वाहन शामिल थे। समर्थक हॉर्न बजाते और नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे। इस दौरान नेशनल हाईवे-719 सहित कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि एक तरफ प्रधानमंत्री पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा पदाधिकारी शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। भाजपा संगठन ने सज्जन सिंह यादव से चर्चा कर जवाब मांगा है। यादव ने पार्टी नेतृत्व को सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी कार्यकर्ता या समर्थक को वाहन लेकर नहीं बुलाया था। लोग स्वेच्छा से काफिले में शामिल हुए थे।
