जबलपुर: रेलवे द्वारा रेल परिचालन में उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और संरक्षा के प्रति असाधारण जागरूकता दिखाने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में अप्रैल माह में पश्चिम मध्य रेलवे में ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले पाँच रेलकर्मियों को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह द्वारा उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत कर्मचारियों में लोको पायलट गुड्स एनकेजे जबलपुर मंडल कमलेश कुमार मौर्य, स्टेशन मास्टर गोंदवाली एनकेजे जबलपुर मंडल रंजन कुमार, सीनियर ट्रेन मैनेजर गुड्स इटारसी भोपाल मण्डल हिमांशु अग्रवाल, ट्रैकमैन-I महिदपुर रोड कोटा मण्डल श्याम कुमार मांझी एवं ट्रैकमैन-II महिदपुर रोड कोटा मण्डल दुपेन्द्र सिंह शामिल हैं।
ख़तरे को पहचाना
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में तैनात इन रेलकर्मियों ने विभिन्न रेल खंडों पर गश्त और ड्यूटी के दौरान हॉट एक्सल, गैस रिसाव और रेल फ्रैक्चर जैसी गंभीर तकनीकी खामियों को समय रहते पहचान लिया। इनके द्वारा त्वरित गति से की गई सुरक्षात्मक कार्रवाइयों, जैसे लाल संकेत दिखाकर गाड़ियों को रुकवाना, अधिकारियों को तत्काल सूचित करना और आवश्यक संरक्षा उपाय सुनिश्चित करना, के कारण रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में बड़ी सफलता मिली है। महाप्रबंधक श्री सिंह ने इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा प्रदर्शित की गई सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे सजग एवं समर्पित कर्मचारी पूरे ज़ोन के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
