देश की अर्थव्यवस्था पर स्थिति स्पष्ट करें मोदी – केजरीवाल

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि इस समय देश की अर्थव्यवस्था कैसी है और एक साल बाद अर्थव्यवस्था कैसी रहने वाली है।

श्री केजरीवाल ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पश्चिम एशिया संकट का प्रभाव दुनिया भर में है लेकिन प्रधानमंत्री ने जिस प्रकार देशवासियों से सात आह्वान किया है उस प्रकार के कदम किसी देश ने नहीं उठाये।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो सारे कदम उठाये हैं उससे मध्यम वर्ग प्रभावित हुआ है। प्रधानमंत्री ने सिर्फ मध्यम वर्ग से ही कुर्बानी देनी की अपील की है जो बहुत दुखद है। अगर सबसे अधिक कुर्बानी देनी थी तो सरकार को अपने खर्चों में कटौती करनी चाहिए थी लेकिन उसने कोई कटौती नहीं की है।

उन्होंने कहा कि देश के लिए जो भी करने की जरूरत है सब करने के लिए तैयार हैं लेकिन सिर्फ मध्यम वर्ग को निशाना न बनाया जाये।

श्री केजरीवाल ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि नीट पेपर लीक लोगों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि अब तक चार बार नीट पेपर लीक हो चुका है। इससे साबित होता है कि बड़े स्तर पर कोई मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि जो पेपर लीक नहीं रोक सकते हैं वह सरकार क्या चलायेंगे। सरकार लाखों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने सरकार के खिलाफ जन आंदोलन के करने के लिए सड़कों पर उतरने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग का आग्रह किया। साथ ही कार-पूलिंग, वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क-फ्रॉम-होम को बढ़ावा देने की भी अपील की। उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए खाद्य तेल की खपत कम करने तथा संकट के समय सोने की खरीद टालने का भी आग्रह किया।

 

Next Post

राष्ट्रपति ने 15 नर्सिंग कर्मियों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए

Tue May 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में 15 नर्सिंग कर्मियों को उल्लेखनीय सेवा के लिए वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति भवन सचिवालय के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर दिये गये गये इन पुरस्कारों के विजेताओं में छह […]

You May Like