
भोपाल। मध्यप्रदेश में फर्जी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने के मामलों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सतना जिले में कथित रूप से फर्जी एससी प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में तत्कालीन एसडीएम के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) और सामान्य प्रशासन विभाग को शिकायत सौंपकर पूर्व एसडीएम राजेश शाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वंदना बागरी के नाम से जारी जाति प्रमाण पत्र वर्ष 2021 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बनाए जाने के कारण निरस्त कर दिया गया था।
अहिरवार ने आरोप लगाया कि जातियों के नामों में समानता का लाभ उठाकर अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी एससी प्रमाण पत्र बनवाए जा रहे हैं, जिससे वास्तविक पात्र लोगों को संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी के कार्यकाल में जारी सभी संदिग्ध जाति प्रमाण पत्रों की फोरेंसिक जांच कराई जाए। साथ ही आय से अधिक संपत्ति की जांच, विभागीय कार्रवाई तथा जांच पूरी होने तक सेवानिवृत्ति लाभों पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।
