एसबीआई को चौथी तिमाही में 20,161 करोड़ का मुनाफा

मुंबई, 08 मई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी ऋणदाता कंपनी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 20,161 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर 1.10 प्रतिशत अधिक है। एसबीआई के निदेशकमंडल ने शुक्रवार को वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की। इस दौरान बैंक को ब्याज से प्राप्त समेकित राजस्व 1,31,080 करोड़ रुपये रहा जबकि जमा पर उसने ग्राहकों को 79,953 करोड़ रुपये का ब्याज दिया। इस प्रकार ब्याज से उसकी शुद्ध आय 51,127 करोड़ रुपये रही। वित्तीय परिणाम अपेक्षा से कमजोर रहने के कारण कंपनी का शेयर साढ़े छह प्रतिशत से अधिक टूट गया। बीएसई में उसका शेयर 6.62 प्रतिशत गिरकर 1,019.55 रुपये पर बंद हुआ। निदेशक मंडल ने प्रति इक्विटी शेयर 17.35 रुपये के लाभांश की घोषणा की। लाभांश का वितरण 16 मई 2026 की शेयरधारिता के आधार पर किया जायेगा। लाभांश के भुगतान के लिए 04 जून की तारीख तय की गयी है।

एकल आधार पर बैंक की कुल आमदनी कम हुई है जबकि उसका व्यय बढ़ा है। उसकी कुल आमदनी एक साल पहले के मुकाबले 2.41 प्रतिशत कम होकर 1,40,412 करोड़ रुपये रह गयी। कुल व्यय 17 करोड़ रुपये बढ़कर 1,12,708 करोड़ रुपये हो गया। इस कारण परिचालन लाभ में 11.45 प्रतिशत की कमी आयी है और यह 27,704 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ है। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) एक साल पहले के 1.82 प्रतिशत से घटकर 31 मार्च 2026 को 1.49 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 0.47 प्रतिशत से कम होकर 0.39 प्रतिशत रह गया।
पूरे वित्त वर्ष के लिए बैंक का समेकित शुद्ध मुनाफा 85,168 करोड़ रुपये रहा जो साल-दर-साल 7.78 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है।

.....

Next Post

सॉनेट क्रिकेट क्लब ने दिल्ली क्रिकेट क्लब को 141 रनों से हराया

Fri May 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 मई (वार्ता) सॉनेट क्रिकेट क्लब ने दिल्ली क्रिकेट क्लब को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में शुक्रवार को 141 रनों से हरा दिया। टॉस जीतने के बाद, सॉनेट क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सॉनेट क्रिकेट क्लब ने […]

You May Like