
सीधी। थाना कमर्जी पुलिस की संवेदनशीलता से बड़ी घटना टल गई और नाबालिक बालिका को सुरक्षित बचाया गया। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कोल के मार्गदर्शन में थाना कमर्जी पुलिस द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए एक नाबालिक बालिका की जान बचाई गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 07 मई 2026 को प्रातःकाल कुछ राहगीरों द्वारा सूचना दी गई कि सोन नदी स्थित गऊघाट पुलिया पर एक नाबालिक बालिका संदिग्ध अवस्था में घूम रही है तथा उसके द्वारा पुलिया से नीचे कूदने जैसा कदम उठाए जाने की आशंका है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कमर्जी पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। थाना कमर्जी से बीट प्रभारी प्रधान आरक्षक दयानंद एवं डायल-112 में तैनात आरक्षक सुनील डाबर तत्काल घटनास्थल पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की सहायता से बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में ज्ञात हुआ कि बालिका घरेलू बातों एवं भावनात्मक तनाव के कारण मानसिक रूप से व्यथित थी। परिवार से संबंधित एक व्यक्तिगत विषय को लेकर वह अचानक आक्रोश एवं भावनात्मक आवेश में घर से निकल गई थी तथा सोन नदी पुलिया से नीचे कूदकर आत्मघाती कदम उठाने का मन बना चुकी थी। पुलिस टीम द्वारा अत्यंत धैर्य, समझदारी एवं मानवीय संवेदनशीलता के साथ बालिका की काउंसलिंग की गई, जिससे वह सामान्य हुई और सुरक्षित रूप से परिजनों के साथ जाने के लिए तैयार हुई। तत्पश्चात बालिका को उसके पिता के सुपुर्द किया गया। साथ ही परिवार को आवश्यक समझाइश दी गई एवं बालिका की आगे वन स्टॉप सेंटर तथा बाल कल्याण समिति, सीधी के माध्यम से काउंसलिंग कराए जाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। थाना कमर्जी पुलिस की इस त्वरित, सजग एवं संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस की इस मानवीय पहल ने एक नाबालिक का जीवन सुरक्षित कर परिवार को बड़ी राहत प्रदान की है।
पुलिस अधीक्षक का संदेश-
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी द्वारा उक्त सराहनीय एवं संवेदनशील कार्य के लिए थाना कमर्जी पुलिस की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार मानवीय संवेदनशीलता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं जनहित की भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन का विश्वास कायम रखें। साथ ही टीम का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया गया।
