भोपाल, 28 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने नशामुक्ति अभियान जागरूकता कार्यक्रम के तहत नशा न करने की शपथ दिलाई और झंड़ी दिखाकर जागरूकता वाहन रैली को विदा किया।
श्री कुशवाह ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार के सामाजिक न्याय विभाग द्वारा सामाजिक सहभागिता से विभिन्न स्तर पर जागरूकता अभियान चलाये जा रहे है। इन अभियानों की सफलता में घर की महिलाओं की अहम भूमिका हो सकती है। पुरूष के नशा करने पर सबसे ज्यादा प्रताड़ित घर की माँ-बहन एवं बाद में बच्चे होते है। इसलिए आवश्यक है कि माता-बहनें घरों में और मोहल्ले में संगठित होकर नशा करने वालों के विरूद्ध जागरूकता अभियान चलाये। नशा से अपराध, दुर्घटनाएँ, गरीबी और बेरोजगारी में लगातार वृद्धि हो रही है।
श्री कुशवाह ने शहरों की स्लम बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता जताई। वर्ष 2024-25 में प्रदेश के सभी जिलों में नशामुक्ति केन्द्रों की स्थापना कराई जायेगी।
आयुक्त सामाजिक न्याय श्री भौंसले ने बताया कि सम्पूर्ण विश्व नशा की समस्या से पीड़ित है, इसीलिये 1987 में यू.एन.ओ. द्वारा प्रति वर्ष 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। मध्यप्रदेश में 15 जून से 30 जून तक नशामुक्ति पखवाड़ा मनाया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। भोपाल में नशामुक्ति जागरूकता वाहन रैली निकाली भी जा रही है।