
दतिया। गोराघाट थाना अंतर्गत दबराबाग में एक शादी समारोह के दौरान कुएं में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। ग्राम उपरांय निवासी रिकू अहिरवार ने बताया कि रात में वह अपने भाई वीरसिंह और जगदीश के साथ दबराबाग में हरप्रसाद अहिरवार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब साढ़े दस बजे सभी लोग कार्यक्रम स्थल के पास स्थित एक कुएं की मुंडेर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उसका भाई जगदीश अहिरवार संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल कुएं से जगदीश को बाहर निकाला और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
