भोपाल। कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा की गई. बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट का संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण कर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए.
शॉर्ट टर्म कार्य एक माह हो पूर्ण
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शॉर्ट टर्म कार्य जैसे रोड मार्किंग, साइनेज, स्पीड ब्रेकर, ज़ेब्रा क्रॉसिंग पेंटिंग, स्पीड कंट्रोलर एवं दृश्यता बढ़ाने जैसे उपाय एक माह के भीतर पूर्ण किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं में तत्काल कमी लाई जा सके. उन्होंने नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सडक़ सुरक्षा समिति की संयुक्त टीम द्वारा नियमित मैदानी निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर शॉर्ट टर्म कार्य एक माह में अनिवार्य रूप से पूरे हों.
घायलों को निशुल्क एवं त्वरित चिकित्सा सहायता
बैठक में प्रधानमंत्री राहत राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने निर्देश दिए कि सडक़ दुर्घटना के गोल्डन ऑवर (पहले एक घंटे) में घायलों को निशुल्क एवं तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए.
