
बैतूल। बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में मिलानपुर जोड़ के पास नेशनल हाईवे किनारे एक पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार को राहगीरों ने संदिग्ध स्थिति में पेड़ पर लटका शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 14 फीट ऊंचे पेड़ से शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक पर्ची बरामद हुई, जिसमें लिखे मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। इसके बाद मृतक की पहचान खंडवा निवासी रिंकू सावनेरे के रूप में हुई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक मजदूरी करता था और उसका ससुराल महाराष्ट्र के वरुड में है। वह पिछले चार-पांच दिनों से बैतूल क्षेत्र में रह रहा था और भिलट बाबा के दर्शन करने भी गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह हाल के दिनों में मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थाना प्रभारी के अनुसार मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
