छतरपुर:शहर की सड़कों पर आज एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब हाथ में तख्तियां और जुबान पर ‘सुरक्षा’ के नारे लिए स्कूली बच्चे आमजन को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने निकले। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित इस भव्य रैली में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
थाना परिसर से छत्रसाल चौक तक गूंजे जागरूकता के नारेरैली का शुभारंभ यातायात थाना परिसर से किया गया। कतारबद्ध होकर निकले छात्र-छात्राएं नगर पालिका होते हुए शहर के मुख्य हृदय स्थल छत्रसाल चौक तक पहुंचे। रैली के दौरान छात्र “हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ” और “यातायात नियमों का पालन करें” जैसे नारे लगा रहे थे। बच्चों के इस प्रयास ने राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
प्रमुख स्कूलों की रही सहभागिता
इस अभियान में एडीफाई, सुमित अकैडमी, केयर, सीलिंग और महर्षि सहित नगर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों के बच्चों ने सहभागिता की। स्कूली बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को समझाया कि एक छोटी सी लापरवाही परिवार के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।
4 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का हिस्सा
यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत ने बताया कि पुलिस द्वारा 4 दिवसीय विशेष ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से यातायात नियमों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे जागरूक होंगे, तो वे अपने अभिभावकों को भी नियम पालन के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
