इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर अब उड़ानों को और सुरक्षित बनाने के लिए कुछ नए कदम उठाए जा रहे हैं. सोमवार हुई एक बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने अधिकारियों से कहा कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों और वन्य जीवों की समस्या को कम करने पर खास ध्यान दिया जाए. इसके लिए अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम लगाने की बात कही गई, जिससे पक्षी रनवे के पास न आएं, और जरूरत पड़ने पर सेंसर के जरिए पहले से अलर्ट भी मिल सके.
इसके अलावा एयरपोर्ट के आसपास नियमित निगरानी रखने, नगर निगम के साथ मिलकर निरीक्षण करने और हर महीने स्थिति की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। रनवे और आसपास के इलाकों में बड़े पेड़ों की छंटाई करने, बिजासन टेकरी क्षेत्र पर नजर रखने और इंदौर-पीथमपुर मार्ग पर फैले कचरे को साफ कराने की बात भी सामने आई.
फेंसिंग की मरम्मत समय पर करें
साथ ही यह भी कहा गया कि एयरपोर्ट के आसपास आवारा कुत्तों को हटाने, फेंसिंग की मरम्मत समय पर करने और आग से बचाव के लिए जरूरी इंतज़ाम करने पर ध्यान दिया जाए. कुल मिलाकर कोशिश यही है कि एयरपोर्ट के आसपास का माहौल साफ और सुरक्षित रहे, ताकि उड़ानों में किसी तरह की रुकावट न आए.
