
सिंगरौली । जिले में सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा की कार्ययोजना, कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन और चेकपोस्ट प्रभारी विभा उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत सिंगरौली चेकपोस्ट टीम ने बिना परमिट चल रहे स्कूल बसों और वैनों पर सख्ती दिखाई। जांच में सामने आया कि कई वाहन स्कूल उपयोग के नाम पर अवैध रूप से मैरिज पार्टी और व्यावसायिक परिवहन में लगाए जा रहे थे। कई वाहन क्षमता से अधिक सवारी लेकर चलते पाए गए, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। कार्रवाई के दौरान विभाग ने एमपी 66 जेडएफ 4261, एमपी 66 जेडसी 1489, एमपी 66 जेडएफ 2899, एमपी 62 जेडएफ 4261, एमपी 66 जेडई 4047, एमपी 66 पी 0563 और एमपी 66 पी 0579 समेत कई वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 38 हजार रूपये की चालानी वसूली की। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध परमिट और टैक्स वाले वाहनों से दुर्घटना की स्थिति में बीमा क्लेम भी प्रभावित हो सकता है। विभाग ने आदर्श परिवहन मॉडल अपनाते हुए मानवीय दृष्टिकोण भी रखा। विवाह समारोहों में आम नागरिकों को परेशानी से बचाने के लिए मौके पर ही ऑनलाइन चालान काटकर वाहन जप्त नहीं किए गए, बल्कि नोटिस जारी कर शेष टैक्स जमा कराने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समझाइश नहीं, बल्कि सीधे सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
