पांडव कुमार के हत्यारे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे सरकारः प्रो. कुमार

नयी दिल्ली ,01 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्वांचल मोर्चा ने नजफगढ़ में बिहार के एक युवक की हत्या की घटना की निंदा की है और इस मुद्दे पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। दिल्ली कांग्रेस के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर सुधांशु कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधमंडल ने शुक्रवार को नजफगढ़ के जाफरपुर कलां में पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रो. कुमार ने संवाददाताओें से बाचतीत करते हुए कहा कि जाफरपुर कलां में दिल्ली पुलिस के एक हेडकांस्टेबल ने जन्मदिन मना रहे बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कांस्टेबल ने हत्या करते हुए यह कहा कि तुम बिहारी लोग यहाँ आकर जमीनें खरीदते हो, घर बनाते हो, तुमने गंदगी फैला रखी है।

उन्होंने कहा कि आज किसी को बिहारी कहकर उसकी जान ले लेना, इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है? बिहार के नागरिक भी इसी देश के नागरिक हैं। दिल्ली पर उनका भी उतना ही हक़ है जितना अन्य किसी का है और दिल्ली के निर्माण में पूर्वांचल वासियों का भी खून पसीना लगा है। उन्होंने कहा कि जाति धर्म और क्षेत्र के नाम पर किसी निरपराध की हत्या न केवल निंदनीय है, बल्कि सभ्य समाज को शर्मसार करने वाला है। हाल के दिनों में जो देशभर में नफरत का बीज बोया गया है, यह उसी का परिणाम है। प्रो. कुमार ने कहा कि इस कठिन समय में भी कई इंजनों वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की तरफ से क्रूरता जारी है। पता चला है कि मृतक के परिवार को अंतिम संस्कार का भी उचित समय नहीं दिया गया और आनन फानन में स्थानीय पुलिस ने परिवार पर दबाव डालकर दाह संस्कार कर दिया।

उन्होंने कहा कि आज घटना को हुए चार दिन हो गए है लेकिन न तो दिल्ली सरकार का कोई मंत्री और न ही केंद्र सरकार का कोई मंत्री इनसे मिलने या सांत्वना देने आया है। बिहार चुनाव में जाकर बड़े बड़े वादे करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।
उन्होंने कहा कि परिवार की मांग है कि अपराधी को फांसी की सजा हो। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाय। अभी तक सरकार की तरफ से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “इस मांग को मनवाने के लिए हम हर संघर्ष को तैयार है।अगर दो दिन में सरकार ने मांगे नहीं मानी तो हम लोकतांत्रिक तरीके से पूर्वांचल के इस परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर मुमकिन लोकतांत्रिक तरीके का इस्तेमाल करेंगे।” उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पूरा कांग्रेस परिवार इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगा। पूर्वांचल मोर्चा के इस प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के संयुक्त सचिव सुशांत मिश्रा सहित पार्टी के कई अन्य नेता तथा कार्यकर्ता शामिल थे।

.....

Next Post

यात्री वाहनों की बिक्री में अप्रैल में जारी रहा उछाल

Fri May 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 मई (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के बीच अप्रैल में भी सालाना आधार पर यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। यात्री वाहनों में कार, वैन और उपयोगी वाहन आते हैं। देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता मारुति सुजुकी की बिक्री में अप्रैल […]

You May Like