इंदौर: कदवाली खुर्द से मंडला उदा मार्ग पर खराब निर्माण के चलते गिट्टी मुरम में फिसलकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.ग्रामीणों के मुताबिक मार्ग का निर्माण लंबे समय से अधूरा और घटिया स्तर का है. सड़क पर फैली गिट्टी मुरम के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं.
दो दिन पहले गांव का युवक राजकुमार पटेल बाइक से खेत जा रहा था, तभी वह फिसलकर गिर पड़ा. हादसे में उसकी आंख में गंभीर चोट आई और वह बाइक के नीचे दब गया. आसपास मौजूद किसानों ने उसे बाहर निकाला, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार किया जा रहा है. उनका कहना है कि ठेकेदारों को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है, जिसके चलते काम की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा.
गांव के ओमप्रकाश उर्फ गुड्डा पटेल ने बताया कि सड़क बनने की उम्मीद में लोग खुश थे, लेकिन काम शुरू होने के बाद से ही हालात बिगड़ते गए. निर्धारित समय एक साल में पूरा होना था, लेकिन तीन साल बाद भी सिर्फ गिट्टी बिछी है. किसान नेता हंसराज मंडलोई ने कहा कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मंत्री स्तर का होने के बावजूद गांव के लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों को ठेके दिलवाकर घटिया निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की जान जोखिम में है. घटना के बाद ग्रामीण सड़क पर एकत्र हुए और विरोध जताया. जितेंद्र पटेल, लाल पटेल, शुभम पटेल, राकेश पटेल, सुनील पटेल और लखन समेत अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा.
