इंदौर:शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने जागरूकता का अनोखा तरीका अपनाया. पुलिस ने बुधवार को पलासिया चौराहे पर एयर होस्टेस स्टाइल में ट्रैफिक नियम समझाए, जिसने राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान अपनी ओर खींचा.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह के मार्गदर्शन में, डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया.
मौके पर टीआई अरविंद दांगी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. अभियान में एक इंस्टीट्यूट की ट्रेनी एयर होस्टेस ने विमान में दिए जाने वाले सुरक्षा निर्देशों की तर्ज पर इशारों और संकेतों के जरिए ट्रैफिक नियम समझाए. उन्होंने रेड सिग्नल पर रुकने, सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संदेश दिए.
नियमों का पालन कराने के लिए नवाचार जरूरी
इस अलग तरह का प्रदर्शन देखने के लिए चौराहे पर वाहन चालकों की भीड़ लग गई. कई लोग रुककर इस प्रस्तुति को देखते रहे और मोबाइल में वीडियो भी बनाते नजर आए. ट्रैफिक पुलिस ने इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वालों को समझाइश भी दी. एसीपी हिन्दू सिंह मुवेल ने बताया कि आमतौर पर लोग ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं, इसलिए इस तरह के नवाचार जरूरी हैं.
एयर होस्टेस की शैली में दिए गए संदेश लोगों को आसानी से समझ आते हैं और वे इसे गंभीरता से लेते हैं. हमारा उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और सड़क हादसों में कमी लाना है. कार्यक्रम में संस्थान संचालक राहुल पांडेय और उनकी टीम के साथ ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी, जवान और वार्डन्स भी मौजूद रहे. इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें.
